Corona effect: प्रसव कराने के लिए दर-दर भटकते रहे परिजन, निजी अस्पताल की चौखट पर जन्मी बच्ची

सीढियों पर महिला ने दिया बच्ची को जन्म

<p>Corona effect: प्रसव कराने के लिए दर-दर भटकते रहे परिजन, निजी अस्पताल की चौखट पर जन्मी बच्ची</p>
जयपुर. प्रागपुरा निवासी एक परिवार अपनी बेटी के प्रसव कराने के लिए सोमवार रात पावटा में दर-दर भटकता रहा। निजी अस्पताल में चिकित्साकर्मियों के मना करने पर महिला ने अस्पताल की सीढिय़ों में ही बच्ची को जन्म दे दिया। बाद में परिजनों के बार-बार कहने पर उक्त महिला को अस्पताल में भर्ती किया गया। महिला का प्रसव नहीं कराने का कारण सिर्फ इतना सा था कि वह प्रागपुरा निवासी थी। यहां प्रागपुरा में १९ जनों को कोरोना संक्रमण के चलते होम आईसोलेशन कर रखा है। इस संबंध में महिला के परिजनों ने संंबंधित चिकित्सालय के खिलाफ विधायक व प्रशासन से शिकायत की है। शिकायत में ग्राम पंचायत प्रागपुरा के वसीम ने बताया कि उसकी बहन परवीन बानो जो, कि चिराना झुंझनु से है। वह पिछले 2 माह से प्रागपुरा अपने पीहर में रह रही है। उसके डिलेवरी होने का समय नजदीक था। अचनाक सोमवार देर रात्रि को बहन परवीन बानो को प्रसव पीड़ा होने लगी। उन्होंने बताया कि प्रागपुरा में कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते मुस्लिम समुदाय के 19 जनों को होम आइसोलेशन किया हुआ। निजी अस्पताल में प्रागपुरा के निवासी बताने पर चिकित्सकों ने भर्ती करने से मना कर दिया। शिकायत में परिजनों ने बताया कि महिला को रात 1.30 बजे अस्पताल में लेकर पहुंच गए थे, लेकिन करीब एक घंटे तक भी चिकित्सकों ने उसे भर्ती नहीं किया। बाद में उसने वापस सीढिय़ों से उतरने के दौरान बच्ची को जन्म दे दिया। इसके बाद बार-बार परिजनों के कहने के बाद चिकित्सकों ने महिला को भर्ती किया।
सरकारी अस्पताल में भी गए थे, प्रभारी ने किया मना
इधर, परिजनों का आरोप है कि इससे पहले परिजन पावटा के राजकीय अस्पताल एवं एक अन्य निजी अस्पताल में भी महिला को लेकर गए थे। जहां पर चिकित्साकर्मियों ने प्रसव की व्यवस्था नहीं होने की बात कहकर वापस लौटा दिया। जबकि चिकित्सा प्रभारी देवेन्द्र शर्मा ने बताया कि महिला को अस्पताल में नहीं लाए है। रात को ही अस्पताल में दो डिलेवरी करवाई है।
एक घंटे दर्द से कराहती रही
सीढिय़ों में प्रसव होने के बाद निजी अस्पताल प्रशासन ने महिला की सुध ली और फिर भर्ती किया। इस बीच महिला करीब एक घंटे दर्द से कराहती रही। प्रसव होने के बाद महिला को भर्ती किया। भर्ती प्रसुता व बच्ची स्वस्थ है।
19 जने होम आइसोलेशन
प्रागपुरा निवासी अमित चौहान व सद्दाम हुसैन ने बताया कि प्रागपुरा कस्बे में मुस्लिम समुदाय के 19 जनों को होम आइसोलेशन रखा हुआ है। इससे पूरे कस्बे में सन्नाटा छाया हुआ है।
इनका कहना है
मामले की जानकारी नहीं है। अभी जानकारी करता हूं। मना करने वाले चिकित्सा कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
नरोत्तम शर्मा, मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर
महिला को पावटा सीएचसी में भर्ती नहीं करने की शिकायत मिली थी। मामले में बीसीएमएचओ विराटनगर को जांच कर लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। महिला व नवजात शिशु को उपचार के लिए निजी चिकित्सालय में भर्ती करा दिया है, जहां उनकी हालत ठीक है।
नानूराम सैनी, एसडीएम कोटपूतली
तहसीलदार व सीएमएचओ सुनील कुमार को जांच के आदेश दिए हैं। जांच में जो दोषी पाने जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
इंद्राज गुर्जर, विधायक, विराटनगर
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.