नया ट्रेडः अब वॉट्सऐप कॉल पर हथियारों का सौदा

सेंधवा का उमर्टी बना अवैध हथियारों की मंडी, वाट्सऐप पर सौदा होने के बाद डिलीवरी लेने आते हैं तस्कर

बड़वानी. प्रदेश का निमाड़ क्षेत्र अवैध हथियारों की मंडी बन गया है। तस्कर पहले वाट्सऐप पर बीडियो कॉल करके सौदा करते हैं, फिर उनके गुर्गे यहां हथियारों की डिलीवरी लेने आते हैं। सेंधवा के उमर्टी में पंजाब, हरियाणा, दिल्‍ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के तस्कर पहुंच रहे हैं।

इस गोरखधंधे का खुलासा गुरुवार को पुलिस की गिरफ्त में आए हरियाणा के हथियार तस्करों ने किया है आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उमर्टी में बने हथियारों की फिनीशिंग और मारक क्षमता अच्छी है। साथ ही कीमत भी कम है, इसलिए इनकी मांग ज्यादा है।

Must See: यहां 2 हजार रुपए में दो दिन में बना देते हैं एक पिस्टल

थाना प्रभारी बलदेव सिंह मुजाल्दा ने बताया कि तस्करी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीते छह महीने में पुलिस ने आरोपियों से 37 अवैध पिस्टल बरामद की हैं। हथियार तस्करों और सिकलीगरों का नेटवर्क बढ़ा है।

Must See: साइबर अलर्ट: वाट्सएप पर डेटा लीक होने की आशंका

मध्य प्रदेश का खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर और धार जिला अवैध हथियारों की मंडी बन गए हैं। यहां बने अवैध हथियार, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, दिल्‍ली, पंजाब, हरियाणा, झारखंड और राजस्थान सहित अन्य प्रदेशों में भेजे जा रहे हैं। हाल ही में खरगोन जिले के दो तस्कर अवैध हथियारों की खेप के साथ मुंबई पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। आरोपियों के पास से बरामद हथियार देखकर पुलिस भी दंग रह गई जबकि ये घर की फैक्ट्री और हाथ भट्ट में बने हैं।

Must See: जेईई मेंसः 15 लाख रुपए लेकर एनआईटी में दाखिले के खेल का भंडाफोड

मुंबई पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों ने शुरुआती पूछताछ में बताया कि तस्कर पुलिस से बचने के लिए झोले में अवैध पिस्टल और कट्टे बनाने का सामान लेकर चलते हैं। मौका मिलते ही हाथों-हाथ हथियार बना देते हैं। इन्होंने दुर्गम इलाकों में छोटी फैक्ट्री बना रखी हैं। मुंबई पुलिस ने कहा कि एमपी बने अवैध हथियार फिनिशिंग में बेहतर और मारक हैं। यह चिंता का विषय है।

 

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.