जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी का पति गांजा के साथ गिरफ्तार

-मुख्तार का करीबी बताया जा रहा है गांजा तस्कर
-पत्नी को रासेपुर सीट से लड़ा रहा है पंचायत चुनाव

<p>पुलिस हिरासत में गांजा तस्कर</p>

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. मेंहनगर थाने की पुलिस ने शुक्रवार को जगदीशपुर मोड़ से एक व्यक्ति को तीन किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार तस्कर मुख्तार अंसारी गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है। उनकी पत्नी रासेपुर सीट से जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव लड़ रही है।

मेंहनगर थाना पुलिस शुक्रवार को क्षेत्र भ्रमण पर थी। उसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति झोले में गांजा लेकर आ रहा है जो जगदीशपुर होता हुआ वीरगंज जाएगा। सूचना पर पुलिस टीम सक्रिय हो गई और जगदीशपुर मोड़ पर घेराबंदी कर ली। कुछ ही देर बाद एक व्यक्ति झोला लेकर आता दिखाई दिया। जगदीशपुर मोड़ पर उसके पहुंचते ही पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन वह भागने लगा।

पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास मौजूद झोले से तीन किलो गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार तस्कर सोहन पासवान मेंहनगर थाना क्षेत्र के वीरपुर का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक सोहन पासवार शातिर अपराधी है और मुख्तार अंसारी गिरोह का सदस्य है।

तरवां थाने में मुख्तार के साथ ही उसके खिलाफ भी गैंगेस्टर की कार्रवाई की गयी है। हाल में ही वह जमानत पर छूटा था। वर्तमान में वह अपनी पत्नी को रासेपुर जिला पंचायत सदस्य सीट से चुनाव भी लड़ा रहा है।

BY Ran vijay singh

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.