सत्ता के खिलाफ संघर्ष के बजाय मलाई काट रहा विपक्ष: लोजपा

-अंबेडकर जयंती ने विपक्ष पर जमकर बरसे लोक जनशक्ति पार्टी के नेता
-करो या मरो के नारे के साथ लोकतंत्र बचाने के लिए मैदान में उतरेगी लोजपा

<p>डा. अंबेडकर को श्रद्धासुमन अर्पित करते लोजपा के लोग</p>

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. लोक जनशक्ति पार्टी पिछड़ा एवं अति पिछड़ा प्रकोष्ठ द्वारा बुधवार को पार्टी कार्यालय में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनायी गयी। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने सत्ता के साथ ही विपक्ष पर जमकर हमला बोला। कार्यकर्ताओं ने विपक्ष पर निजी स्वार्थ में सत्ता के गलत कार्यो के विरोध के बजाय मलाई काटने का आरोप लगाया।

मुख्य अतिथि शिव मोहन शिल्पकार ने कहा कि बाबा साहब ने भारतीय लोकतंत्र को एक मजबूत स्तंभ के रूप में स्थापित किया जिससे नाते आज समाज आर्थिक, राजनीतिक रूप से विकास पथ अग्रसर है। आज देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर कड़ा प्रहार किया जा रहा है। सबसे बड़ी बात है कि न्यायपालिका अपना कार्य न करके सरकार के कार्यों में हस्तक्षेप कर पूरी तरह से लोकतंत्र को कमजोर करने पर तुली हुई है। जनप्रतिनिधि जन की बात न कर अपने अपने स्वार्थों में लगे हुए हैं जिसके कारण भारत का लोकतंत्र पूरी तरह से कमजोर होते जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हो रहा है। खेद का विषय है कि इस चुनाव में एक बड़ा संकट खड़ा करने का कार्य किया जा रहा है। गरीब, वंचित, शोषित वर्गों को उनके अधिकारों को वंचित करने की साजिश की जा रही है। वहीं विपक्ष की भूमिका निभाने वाली पार्टियां लड़ाई लड़ने की जगह मलाई काट रही है। निजी स्वार्थों के चलते किसी प्रकार का लोकतंत्र इस वक्त काम नहीं कर रहा है। लोक जनशक्ति पार्टी एक बड़ा जन आंदोलन खड़ा करने के लिए बाध्य है। बहुत जल्दी करो और मरो के नारों के साथ एक लंबी लड़ाई की प्रक्रिया शुरू होगी। भारत के लोकतंत्र पर चोट करने वालों को बक्सा नहीं जाएगा और आमने-सामने की लड़ाई लड़ी जाएगी। इस मौके पर सदावृज राजभर जिला, श्रीमती वीना राजभर, राम लगन विश्वकर्मा, सुकलैस प्रधान, रामसरन राम, कैलाश प्रसाद गोंड, श्रीमती उषा देवी, रेखा देवी, किरन गोंड, कुसुम देवी आदि उपस्थित थी।

BY Ran vijay singh

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.