यहां अवैध रूप से हो रहा था हुक्का बार का संचालन, पुलिस ने छह को किया गिरफ्तार

पुलिस का दावा, आगे भी चलेगा हुक्का बार के खिलाफ अभियान

<p>पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी</p>

आजमगढ़। सरकार द्वारा हुक्का बार पर प्रतिबंध लगाने के बाद पुलिस ने इसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शहर के दो रेस्टोरेंटों पर छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान मौके से बड़ी मात्रा में हुक्का, पाइप, फ्लेवर्ड तंबाकू बरामद किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से हुक्का बार संचालकों में हड़कंप मचा है।

शहर कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शहर के बिलरिया की चुंगी व आवास विकास कालोनी हर्रा की चुंगी पर दो रेस्टोरेंट में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित हो रहा है। जबकि सरकार ने हुक्का बार के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया है। इस सूचना पर शहर कोतवाली प्रभारी केके गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों हुक्का बार पर दो टीम गठित कर छापा मारा। चैकी प्रभारी पहाड़पुर के नेतृत्व में बनी टीम ने बिलरिया की चुंगी स्थित कोको पिज्जा रेस्टोरेंट और ब्रह्मस्थान चैकी प्रभारी की टीम ने आवास विकास चैराहे पर स्थित डीसी लॉज एंड रेस्टोरेंट पर छापा मारा।

दोनों रेस्टोरेंट में काफी संख्या में लोग बिना मास्क के मौजूद थे और हुक्का में फ्लेवर्ड तंबाकू रखकर पी रहे थे। पुलिस ने इस दौरान दोनों हुक्काबार से यासिर ओबैद पुत्र ओबैदुल्लाह, मो. आबिद पुत्र मो. अतहर, शहरयार शेख पुत्र स्व. नौशाद अहमद, फैसल खान पुत्र एजाज खान निवासी हीरापट्टी टीचर्स कालोनी, एश्वर्य प्रताप सिंह पुत्र ओम प्रताप सिंह निवासी हीरापट्टी, फराज खान पुत्र जावेद अली निवासी टेढ़िया मस्जिद को गिरफ्तार किया। मौके से 1880 ग्राम फ्लेवर्ड तंबाकू, छह हुक्का, तीन चिलम, सात पाइप, एक पैकेट खुला हुआ पीसा कोयला आदि बरामद किया। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।


पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि हुक्का बार पर प्रतिबंध लगाया गया है। अवैध रूप से हुक्काबार चलाने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहेगा। जहां भी हुक्का बार का संचालन होते पाया गया संचालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

BY Ran vijay singh

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.