आजमगढ़ में है एशिया का दूसरा दक्षिण मुखी देवी मंदिर, चारों पहर बदलता है माँ के चेहरे का भाव

-दर्शन मात्र से दूर होता है भक्तों का कष्ट, दर्शन के लिए दूर दूर से आते है भक्त।
-दक्षिण मुखी देवी के दरबार में जलती है भक्तों की आशा ज्योति

<p>दक्षिण मुखी देवी</p>

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ. दक्षिण मुखी देवी के दरबार में जहां हमेशा दीपक की ज्योति जलती रहती है वहीं यह ऐसा स्थान है जहां भक्तों की आशा की ज्योति भी नहीं बुझती। बस जरूरत है कि इस स्थान की महत्ता को समझने और मां से दिल लगाने की। दिल से जो भी मां का ध्यान करता है उसका बिगड़ा हुआ काम जरूर पूरा होता है। इस स्थान की महत्ता इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि दक्षिण एशिया में दो ही दक्षिण मुखी देवी दुर्गा का मन्दिर है। दूसरी खास बात यह कि पुजारी के परिवार मेें परिस्थितियां कोई भी हों लेकिन कभी भी मां का श्रंृगार व पूजन नहीं रुका।

हम बात कर रहे हैं नगर के मुख्य चैक पर स्थित दक्षिण मुखी देवी दुर्गा के मंदिर की जहां बारहों महीने श्रद्धालुओं का शीश झुकता है। दक्षिण एशिया में मात्र दो दक्षिण मुखी देवी का मंदिर होने से इसकी महत्ता और बढ़ जाती है। प्रतिदिन मां का श्रृंगार होता है और दिन भर पूजन-अर्चन का सिलसिला चलता रहता है। मन्नत पूरी होने पर भक्त भी का श्रृंगार कराते हैं।

कहा जाता है कि वर्तमान समय में जहां शहर का मुख्य चैक है, वहां पांच सौ वर्ष पूर्व जंगल और झाडियां हुआ करती थीं। थोड़ी ही दूरी पर तमसा नदी बहती थी। इस मंदिर से लगभग दो सौ मीटर की दूरी पर तमसा नदी के तट पर रामघाट आज भी स्थित है। त्रेता युग में वन गमन के समय रामघाट पर भगवान श्रीराम ने देवी सीता और लक्ष्मण जी के साथ विश्राम किया था। भगवान श्रीराम द्वारा स्थापित शिवलिंग आज भी रामघाट पर स्थित है। देवी जी के मंदिर के बारे में बहुत अधिक जानकारी तो किसी को नहीं है लेकिन प्रचलित बातों और मंदिर के संस्थापक के परिवार के लोगों के अनुसार पांच सौ वर्ष पूर्व जब मंदिर के स्थान पर मात्र जंगल था और तमसा नदी करीब से बहती थी तो यहां बालू का टीला हुआ करता था।

निजामाबाद के शाहपुर गांव निवासी भैरो जी तिवारी ने उक्त स्थान पर तप किया था। जब उन्होंने बालू को हटाकर समतल बनाने का प्रयास किया तो उन्हें वहां एक काला पत्थर नजर आया और जब खुदाई करके देखा तो वह देवी दुर्गा की प्रतिमा थी। प्रतिमा में चार भुजाएं थीं। प्रतिमा काले पत्थर की बनी हुई थी। देवी जी की प्रतिमा मिलते ही वहां हजारों श्रद्धालु पूजन अर्चन के लिए जुट गये और तब से आज तक उक्त स्थान पर हर दिन पूजन-अर्चन होता है। स्वयं प्रकट हुई प्रतिमा की एक विशेषता यह भी है कि इसका मुख दक्षिण दिशा में है जबकि भारत ही नहीं दक्षिण एशिया में केवल कोलकता प्रान्त में देवी दक्षिणेश्वरी का मंदिर है जिसकी प्रतिमा का मुख दक्षिण दिशा में है। काली जी के बारे में कहा जाता है कि नेपाल के काठमांडू में दक्षिण मुखी प्रतिमा है लेकिन वह काली जी की प्रतिमा है जिन्हें दक्षिणेश्वरी काली जी के नाम से जाना जाता है।

मां दुर्गा के बारे में जानकार यही बताते हैं कि दक्षिण मुखी मंदिर दो ही है। एक तो आजमगढ़ तथा दूसरा कोलकाता में है। भैरो जी तिवारी आजीवन दक्षिण मुखी देवी का पूजन-अर्चन करते रहे। इसी परिवार के दयाल जी तिवारी ने भी अपना जीवन मां की सेवा में लगा दिया। लगभग सवा सौ साल पूर्व जब आजमगढ़ विकास की डगर पर चला तो दयाल जी तिवारी के परिवार के लोगों ने उक्त स्थान पर भव्य मंदिर का निर्माण करा दिया। आज भी उन्हीं के परिवार के लोग पूजा-पाठ करते हैं।

मान्यता है कि मां के दरबार से कभी कोई खाली नहीं लौटता। कोई भी महीना हो, यहां हमेशा श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी रहता है। मंदिर के पुजारी का परिवार प्रतिदिन दक्षिण मुखी माता का श्रृंगार करता है और इसके बाद मंदिर पूजन-अर्चन के लिए खोल दिया जाता है। नगर के लोगों के लिए यहां स्थापित देवी के प्रति श्रद्धा और विश्वास का अन्दाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नवरात्र में लोग मां विन्ध्वासिनी के दर्शन के लिए जाने से पूर्व मां दक्षिण मुखी का दर्शन जरूर करते हैं। यहां के लोगों के लिए यह किसी सिद्ध पीठ से कम कतई नहीं है।

चारों पहर बदलता है मां के चेहरे का भाव
दक्षिण मुखी देवी मां के चेहरे का भाव चारों पहर बदलता रहता है लेकिन इसका आभास उसी को होता है जिस पर मां की विशेष कृपा होती है। दोपहर के समय मां के चेहरे का भाव कुछ ऐसा होता है कि श्रद्धालु चाहकर भी प्रतिमा से नजर नहीं मिला पाता। मां के प्रति विशेष श्रद्धा रखने वाले और ज्यादातर समय मंदिर मेें गुजारने वाले पुजारी व भक्त बताते हैं कि सुबह सात बजे से नौ बजे तक मां की प्रतिमा हंसती हुई प्रतीत होती है, चेहरे पर मुस्कान का भाव प्रतीत होता है। उसके बाद 10 बजे तक मां के चेहरे का भाव सामान्य होता है। इसके बाद साढ़े बारह बजे तक चेहरे पर थकान का भाव नजर आता है। दोपहर एक बजे के बाद मां के चेहरे पर गुस्सा का भाव दिखता है। शाम पांच बजे तक भाव भंगिमा ऐसी रहती है कि कोई चाहकर भी प्रतिमा पर आंखें नहीं टिका पाता। शाम साढ़े छह बजे के बाद फिर चेहरे पर मुस्कान का भाव आ जाता है और सात-आठ बजे के बाद थकान का भाव झलकने लगता है।


तीन हफ्ते में हो गया चोरी का खुलासा
दक्षिण मुखी दुर्गा मां के मंदिर में पांच वर्ष पूर्व चोरी हुई थी। चोरों ने मां की छतरी व श्रृंगार का सामान चोरी कर लिया था लेकिन वह इसे हजम नहीं कर सके। घटना के 21 दिन के भीतर ऐसी परिस्थितियां बनीं कि चोर पुलिस के हत्थे चढ़ गये। इस घटना के बाद से कोई भी मंदिर की तरफ नजर टेढ़ी करने की हिम्मत भी नहीं जुटा सका।

BY Ran vijay singh

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.