बाहुबली रमाकांत यादव को सता रहा मौत का खौफ, राज्यपाल को चिट्ठी लिख मांगी सुरक्षा

पूर्व सांसद का दावा, एके-47 की कारतूस के साथ पकड़े गए बदमाश रच रहे थे हत्या ही साजिश

<p>पूर्व सांसद रमाकांत यादव</p>

आजमगढ़. सपा के पूर्व सांसद बाहुबली रमाकांत यादव इस समय खौफ में जी रहे हैं। पूर्व सांसद को अंदेशा है कि बदमाश उनकी हत्या कर सकते है। इसलिए रमाकांत यादव ने राज्यपाल को पत्र लिखकर सुरक्षा की गुहार लगाई है साथ ही दावा किया है कि हाल में तरवां थाना क्षेत्र में एके-47 की कारतूस के साथ पकड़े गए बदमाश उनकी हत्या की साजिश रच रहे थे।

बता दें कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के पूर्व तक रमाकांत यादव भाजपा में थे। वर्ष 2019 में पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया तो वे कांग्रेस में शामिल हो गए और भदोही से लोकसभा चुनाव लड़े। भाजपा छोड़ने के बाद रमाकांत को मिली वाई श्रेणी सुरक्षा वापस ले ली गयी थी।

पिछले दिनों रमाकांत यादव सपा में शामिल हो गए। पूर्व सांसद लगातार सरकार व प्रशासन पर सुरक्षा की अनदेखी का आरोप लगाते रहे हैं। रमाकांत यादव का दावा है कि कभी भी उनपर हमला हो सकता है। कुछ अपराधी जिन्हें सत्ता का संरक्षण प्राप्त है उनकी हत्या करना चाहते है।

अब रमाकांत यादव ने राज्यपाल को पत्र लिखकर कहा है कि वे आजमगढ़ से चार बार सांसद और फूलपुर से चार बार विधायक रहे हैं। वर्तमान में उन्हें कोई सरकारी सुरक्षा नहीं दी गयी है। जिसके कारण अपराधी प्रवृत्ति के लोग बराबर उनकी हत्या करने की कोशिश करते हैं। जिनके नाम का उल्लेख करना उचित नहीं है। जिले के ऐसे राजनीतिक लोग जो अपराधियों को संरक्षण देते हैं उनकी वजह से भी खतरा बना रहता है। 05 सितंबर 2020 को तरवां थाना क्षेत्र के महुआरी गांव में जो लोग असलहा एके-47 व कारतूस के साथ गिरफ्तार किए गए वे उनकी हत्या की साजिश रच रहे थे।
पूर्व सांसद का दावा है कि उनके साथ कभी भी अप्रिय घटना घट सकती है। इसलिए उनकी सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है। पूर्व सांसद ने पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव गृह, पुलिस महानिदेशक, मंडलायुक्त व डीआईजी को भी भेजा है। रमाकांत यादव को दावा है कि सोची समझी साजिश के तहत उनकी सुरक्षा के साथ खिलावाड़ किया जा रहा है।

BY Ran vijay singh

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.