America: राष्ट्रपति जो बिडेन के भाषण की 10 बड़ी बातें

HIGHLIGHTS

बुधवार (20 जनवरी) को अमरीका के 46वें राष्ट्रपति के तौर पर नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बिडेन ( President Joe Biden ) ने शपथ ली।
कमला हैरिस ( Vice President Kamala Harris ) ने पहली अश्वेत और दक्षिण एशियाई महिला उपराष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली।

<p>America: 10 Points Of New President Joe Biden Speech</p>

वाशिंगटन। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बिडेन ने बुधवार (20 जनवरी) को अमरीका के 46वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। बिडेन को मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स ने शपथ दिलाई। जबकि कमला हैरिस ने पहली अश्वेत और दक्षिण एशियाई महिला उपराष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। हैरिस को पहली लातिन अमरीकी न्यायमूर्ति सोटोमायोर ने शपथ दिलाई।

शपथ लेने के बाद जो बिडेन ने देश के नाम अपने पहले संबोधन में बताया कि यह अमरीका का दिन है, यह लोकतंत्र का दिन है। आइए जानते हैं जो बिडेन के भाषण की 10 बड़ी बातें..

https://www.dailymotion.com/embed/video/x7yt2wl

आज लोकतंत्र के कारण जश्न है: बिडेन

राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद जो बिडेन ने अपने भाषण में कहा कि आज हम किसी एक प्रत्याशी की जीत का जश्न नहीं मना रहे हैं, बल्कि लोकतंत्र के कारण का जश्न मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने यह सीखा है कि लोकतंत्र अनमोल है। लोकतंत्र कमजोर है और इस समय में मेरे दोस्तों, लोकतंत्र को बचाया गया है।

हमेशा अमरीकियों के साथ रहूंगा: बिडेन

जो बिडेन ने कहा कि वे हमेशा अमरीकी नागरिकों के साथ रहेंगे। उन्होंने वादा किया कि वे अपने नागरिकों के बराबर में रहेंगे। बिडेन ने कहा कि मेरे साथी अमरीकियों, मैं आपसे वादा करता हूं कि मैं हमेशा आपके साथ रहूंगा, आपके बराबर रहूंगा। मैं संविधान की रक्षा करूंगा। मैं हमारे लोकतंत्र की रक्षा करूंगा। मैं अमरीका की रक्षा करूंगा। मैं आपकी सेवा में संभावनाओं के बारे में सोचते हुए काम करूंगा न कि शक्ति के बारे में।

जो बिडेन बने अमरीका के 46वें राष्ट्रपति, बाइबल पर हाथ रखकर ली शपथ

अमरीका के बारे में बिडेन ने दुनिया को दिया संदेश

नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बिडेन ने अपने संबोधन में दुनिया को अमरीका के बारे में संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मेरा संदेश हमारी सीमाओं के पार के लिए है। अमरीका ने अब तक कई चुनौतियों का सामना किया है और हमेशा मजबूती के साथ उससे पार भी पाया है। हम अपने संबंधों को फिर से सुधारेंगे और एक बार फिर दुनिया के साथ गतिविधियों में शामिल होंगे। हम नेतृत्व करेंगे, हम शांति, प्रगति और सुरक्षा के लिए विश्वस्त भागीदार बनेंगे।

बिडेन ने अपने पूर्ववर्तियों को कहा- धन्यवाद

जो बिडेन ने अपने संबोधन में अपने सभी पूर्वर्तियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मैं दोनों पार्टियों से अपने पूर्ववर्तियों को यहां आने के लिए धन्यवाद देता हूं। जो किसी कारण से यहां नहीं आ पाए मैं उन्हें भी धन्यवाद कहता हूं। मैं हमारे संविधान की मजबूती को, अपने देश की मजबूती को जानता हूं। मैंने अभी एक पवित्र शपथ ली है। यह एक महान देश है। हम सब अच्छे लोग हैं।

मुझसे मत कहो कि चीजें नहीं बदल सकती: बिडेन

अमरीका के राष्ट्रपति बनने के बाद अपने उद्घाटन भाषण में बिडेन ने कहा कि हम नए सिरे से शुरुआत करेंगे। देश कई संकट और ऐतिहासिक क्षण का गवाह रहा है। उन्होंने कहा कि एकता के बिना शांति नहीं होती है बल्कि कड़वाहट और रोष बढ़ता है। बिडेन ने कहा कि एक दूसरे को सुनें.. एक दूसरे को देखें.. एक दूसरे के प्रति सम्मान दिखाएं। उन्होंने कहा कि मुझसे मत कहो कि चीजें नहीं बदल सकती हैं। हम साथ मिलकर अमरीका को आगे बढ़ाएंगे।

https://www.dailymotion.com/embed/video/x7yt2e3

संविधान की करूंगा रक्षा: बिडेन

जो बिडेन ने अपने संबोधन में कहा कि वे आपसे वादा करते हैं कि अमरीका के नागरिकों की भलाई और देश को बचाने के लिए हमेशा काम करूंगा। मैं सैदव संविधान की रक्षा करूंगा। मैं अपने लोकतंत्र की रक्षा करूंगा।

कोरोना के कारण मारे गए लोगों को किया याद

जो बिडेन ने अपने संबोधन में कोरोना की वजह से मारे गए लोगों को याद किया और उनके लिए मौन भी रखा। उन्होंने कहा कि 400,000 अमरीकी जिसमें माता-पिता, पति-पत्नी, बेटा-बेटी, दोस्त, पड़ोसी और सहकर्मी व अन्य शामिल हैं। हम उनका सम्मान करेंगे।

मैं सबका राष्ट्रपति हूं: बिडेन

जो बिडेन ने अपने संबोधन में एक बार फिर से ये दोहराया कि वे किसी एक पार्टी या उनको वोट देने वाले का राष्ट्रपति नहीं बल्कि अमरीका के सभी नागरिकों का राष्ट्रपति हैं। उन्होंने कहा कि जिसने वोट दिया या नहीं दिया वे सभी के राष्ट्रपति हैं। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर अमरीका को आगे ले जाएंगे। मैं आपसे यह प्रतिज्ञा करता हूं कि मैं सभी अमरीकियों के लिए राष्ट्रपति बनूंगा। मैं उन लोगों के लिए कड़ी मेहनत करूंगा, जिन्होंने मेरा समर्थन नहीं किया।

कमला हैरिस ने अमरीका की उप राष्‍ट्रपति के तौर पर शपथ ली, पैतृक गांव में मना जश्न

कठिन परिस्थितियों से अमरीका निकला है बाहर: बिडेन

बिडेन ने कहा कि अमरीका कई कठिन परिस्थितियों से बाहर निकला है। चाहे वह गृह युद्ध, महामंदी, दोनों विश्व युद्ध या फि 11 सितंबर, 2001 का आतंकी हमला हो। बिडेन ने कहा कि हर बार हमने साथ मिलकर चुनौतियों का सामना किया है। इतिहास, विश्वास और कारण हमें एकता का रास्ता दिखाते हैं।

विश्व के साथ मिलकर करेंगे काम: बिडेन

बिडेन ने अपने भाषण में ये स्पष्ट कर दिया कि वे विश्व के बाकी देशों के साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि एक बार फिर से अमरीका को दुनिया के साथ जोड़ेंगे। कई यूरोपीय नेताओं ने ट्वीट कर बिडेन प्रशासन को बधाई दी है और साथ काम करने पर अपनी आशा व्यक्त की है।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.