दिल्ली से पैदल चलकर घर के लिए निकले मजदूर सड़क हादसे के हुए शिकार, तीन की मौत, एक किशोरी घायल

दुर्घटना में मारे गए तीनों मजदूर एक ही परिवर के हैं। उनके आधार कार्ड से पहचान कर परिवार को सूचित कर दिया गया है।

<p>दिल्ली से पैदल चलकर घर के लिए निकले मजदूर सड़क हादसे के हुए शिकार, तीन की मौत, एक किशोरी घायल</p>

अलीगढ़. दो दिन पहले दिल्ली से पैदल अपने अपने घर जाने के लिए निकले मजदूर अलीगढ़ के मडराक क्षेत्र में गुरुवार सुबह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। इससे मौके पर तीन की मौत हो गई, एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। सभी मृतक एक ही परिवार के हैं। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। मृतकों की पहचान उनके आधार कार्ड से की गई। उनके परिवार को सूचित कर दिया गया है।

जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक फतेहपुर जनपद के भोज थाना क्षेत्र के ऐराया के रहने वाले रंजीत सिंह व उनका परिवार दिल्ली में मजदूरी कर अपना गुजारा करता था। लॉक डाउन घोषित होने के बाद वे दिल्ली में फंस गए। कुछ दिन तो किसी तरह काम चला लिया, लेकिन फिर दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल हो गया। लिहाज़ा दो दिन पहले रंजीत अपने भाई दिनेश व उसकी पत्नी संत कुमारी के साथ पैदल ही घर के लिए निकल पड़े। उनके साथ एक एटा का परिवार भी था। सभी लोगों ने बुधवार रात करीब ढाई बजे अलीगढ़ जिले की सीमा में प्रवेश किया। इसी बीच उन्हें गेहूं से भरा एक ट्रैक्टर दिखाई दिया। सभी लोग उस पर स्वर हो गए।

जैसे ही ट्रैक्टर मडराक क्षेत्र के पड़िवाली के पास रेलवे पुल के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे कंटेनर ने टक्कर मार दी। अचानक सारे लोग नीचे गिर गए और कंटेनर के नीचे आ गए। इससे रंजीत व दिनेश की मौके पर ही मौत हो गयी। दिनेश की पत्नी संत कुमारी व एटा के परिवार की उमा नाम की किशोरी बुरी तरह घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में संत कुमारी ने भी दम तोड़ दिया। उमा का इलाज फिलहाल चल रहा है।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.