Nishad Raj: रामायण के ‘निषादराज’ नहीं रहे

Nishad Raj, Ramayan, Chandrakant Pandya

<p>Nishad Raj: रामायण के ‘निषादराज’ नहीं रहे</p>
अहमदाबाद. लोकप्रिय धारावाहिक रामायण में निषादराज की भूमिका निभाने वाले और गुजराती फिल्मों के अभिनेता चंद्रकात पंड्या का मुंबई में निधन हो गया। वे 75 वर्ष के थे और कई बीमारियों से जूझ रहे थे। उन्हें गुजराती फिल्म मानवीनी भवाई के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था। पंड्या ने 100 से ज्यादा गुजराती, हिन्दी फिल्मों व धारावाहिकों में काम किया।
1 जनवरी 1946 को बनासकांठा जिले की डीसा तहसील के भीलडी गांव में जन्मे पंड्या के पिता मगनलाल पंड्या व्यापार के लिए मुंबई आकर बस गए थे।
उन्होंने स्कूल से लेकर स्नातक तक की शिक्षा मुंबई में ही ग्रहण की। उन्हें बचपन से ही नाटकों में रूचि थी। बचपन से ही अभिनय में रूचि रखने वाले पंड्या की मुलाकात एक्टर उपेन्द्र त्रिवेदी व रामायण फेम ‘रावण’ यानी अरविंद त्रिवेदी ने उन्हें नाटकों में काम करने का मौका दिया। इसके बाद उन्हें गुजराती फिल्म में ब्रेक मिला।अमजद खान उनके सबसे अच्छे दोस्तों में थे। दोनों ने साथ में कॉलेज में पढ़ाई की।
उन्होंने गुजराती फिल्मों में अभिनय के चलते काफी मशहूर हुए। कादू मकराणी उनकी पहली फिल्म थी। इसके अलावा उन्होंने भादर तारा वेहता पानणी, महियर नी चुंदडी, शेठ जगडुशा, सोनबाई नी चुंदडी जैसी कई फिल्मों में काम किया। हालांकि रामायण धारावाहिक में निषादराज की भूमिका से उनकी लोकप्रियता देश भर में बढ़ी।
रामायण में राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल और सीता का अभिनय करने वालीं दीपिका चिखलिया ने उनके निधन पर शोक जताया है। अभी कुछ ही दिनों पहले रामायण के एक और पात्र रावण यानी अरविंद त्रिवेदी का निधन हो गया था।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.