गुजरात में १.३२ लाख पुलिसकर्मी, होमगार्ड, जीआरडी व जेलकर्मी को लगा कोरोना का टीका

Covid 19, Vaccine, Gujarat police, Vaccination, अब तक किसी पुलिसकर्मचारी को नहीं हुई परेशानी

<p>गुजरात में १.३२ लाख पुलिसकर्मी, होमगार्ड, जीआरडी व जेलकर्मी को लगा कोरोना का टीका</p>
अहमदाबाद. स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के बाद राज्य में कोरोना फ्रंट लाइन वॉरियर के तौर पर पुलिस कर्मचारियों को कोरोना का टीका लगाया जा रहा है। गुजरात में अब तक १.३२ लाख पुलिस कर्मचारी, होमगार्ड जवान, जीआरडी जवान और जेल विभाग के कर्मचारियों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। अभी भी कोरोना का टीकाकरण अभियान चल रहा है।
गुजरात पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आशीष भाटिया सहित सभी उच्च पुलिस अधिकारी भी कोरोना का टीका लगवा चुके हैं।
डीजीपी की ओर से कहा गया है कि 31 जनवरी से पुलिस कर्मचारियों को टीका लगाने का काम चल रहा है। एसआरपी जवानों को भी टीका लगाया जा रहा है। राज्य के सभी जिलों और शहरों में इसके लिए स्वास्थ्य विभाग, महानगर पालिका और जिला प्रशासन तथा पुलिस विभाग संकलन करके यह काम कर रहे हैं। पुलिस कर्मचारियों को टीका लगाने के लिए अलग केन्द्र बनाए गए हैं। जहां दिन भर टीका लगाया जाता है।
जिन १.३२ लाख लोगों को टीका लगाया जा चुका है उनमें ८१ हजार पुलिस कर्मचारी हैं, जबकि 22 हजार होमगार्ड के जवान, 22 हजार ग्राम रक्षक दल (जीआरडी) के जवान, चार हजार टीआरबी के जवान शामिल हैं। एसीबी, जेल, सीआईडी क्राइम जैसी विशेष शाखाओं में कार्यरत पुलिस कर्मचारियों को भी टीका लगाया जा रहा है।
कोई जवान बाकी न रहे उसका रखा जा रहा है ध्यान
डीजीपी आशीष भाटिया के अनुसार अब तक ८० फीसदी पुलिस कर्मचारियों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। आगामी दो से तीन दिनों में गुजरात में सभी पुलिस कर्मचारियों को टीका लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा। अभी तक किसी भी पुलिस कर्मचारी को किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी टीका लगवाने के बाद नहीं हुई है। कोई भी जवान टीका से वंचित ना रहे इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.