कांग्रेस की बसों पर सियासत जारी, प्रदेश अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद प्रियंका गांधी के आने की चर्चा

कांग्रेस द्वारा प्रवासी मजदूरों के लिए भेजी गई बसों पर सियासत जारी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू की गिरफ्तारी के बाद प्रियंका के सड़क मार्ग से आगरा आने की चर्चा है।

<p>कांग्रेस की बसों पर सियासत जारी, प्रदेश अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद प्रियंका गांधी के आने की चर्चा</p>

आगरा. कांग्रेस द्वारा प्रवासी मजदूरों के लिए भेजी गई बसों पर सियासत जारी है। पास न होने की बात कहकर मंगलवार को पुलिस ने बसों को आगरा-राजस्थान बार्डर पर ही रोक दिया। बसों को यूपी में प्रवेश दिलाने के लिए कांग्रेसियों ने पूरी ताकत झोंक दी। प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू धरने पर बैठ गए। नारेबाजी हुई, लेकिन बसों को यूपी की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया गया। शाम को अजय लल्लू और पूर्व एमएलसी विवेक बंसल समेत पांच को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ लाॅकडाउन उल्लघंन और महामारी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। अजय लल्लू और विवेक बंसल की पूरी रात हिरासत में कटी। हालांकि उनके साथ गिरफ्तार किए गए अन्य लोगों को देर रात छोड़ दिया गया था। पुलिस दोनों को आज कोर्ट में पेश करेगी।

सड़क मार्ग से प्रियंका के आने की चर्चा

मंगलवार दिन भर चले इस घमासान के बाद बुधवार को कांग्रेसियों के बीच प्रियंका गांधी के आगरा आने की चर्चा ने सियासी पारा और चढ़ा दिया है। कहा जा रहा है कि प्रियंका सड़क मार्ग से आगरा आ सकती हैं। फिलहाल एहतियातन कोसी और फतेहपुर सीकरी बॉर्डर को सील कर दिया गया है। उधर प्रदेश अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद आक्रोशित कांग्रेसी बड़ी संख्या में पुलिस लाइन पहुंच रहे हैं।

कोटवन बॉर्डर पर भी पुलिस की तैनाती

हरियाणा की तरफ से सड़क मार्ग से आने की चर्चाओं के बीच कोसीकलां के कोटवन बॉर्डर पर पुलिस की तैनाती की गई है। बुधवार को कांग्रेसी बसों के यूपी-राजस्थान बॉर्डर पर पहुंचने के बाद पुलिस ने बॉर्डर पर मोर्चा संभाल लिया है। तमाम थानों की पुलिस वहां तैनात की गई है। वहीं मथुरा से तमाम कांग्रेसी नेताओं के भी आगरा-राजस्थान बॉर्डर पर पहुंचने की चर्चा है। फिलहाल पुलिस ने नेताओं की गिरफ्तारी के लिए भी वाहन मंगवा लिए हैं।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.