scriptअमरीका: तूफान फ्लोरेंस से उत्तरी कैरोलिना में भारी तबाही, कम से कम 31 लोगों की मौत | hurricane florence hit US hard claiming 31 deaths | Patrika News

अमरीका: तूफान फ्लोरेंस से उत्तरी कैरोलिना में भारी तबाही, कम से कम 31 लोगों की मौत

locationनई दिल्लीPublished: Sep 18, 2018 08:08:28 am

राज्य के गवर्नर रॉय कूपर ने सोमवार को कहा कि तूफान अभी भी एक खतरा है क्योंकि प्रमुख नदियों में बाढ़ आ गई है।

florence

अमरीका: तूफान फ्लोरेंस से उत्तरी कैरोलिना में भारी तबाही, कम से कम 31 लोगों की मौत

न्यूयार्क । तूफान फ्लोरेंस के गुजरने के बाद अमरीका के उत्तरी कैरोलिना में तबाही के मंजर सामने आ रहे हैं। तूफान से संबंधित घटनाओं में कम से कम 31 लोग मारे गए हैं। उत्तरी कैरोलिना में लगभग 24 लोगों के मारे जाने की खबरे आ रही हैं। उत्तर और दक्षिण कैरोलिना में लगभग 5 लाख घर और व्यवसायिक प्रतिष्ठान अब भी बिना बिजली के हैं। सोमवार तक फ्लोरेंस कमजोर पड़ कर 25 मील प्रति घंटे की निरंतर हवाओं के साथ एक उष्णकटिबंधीय चक्रवात में तब्दील हो गया था। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने बताया है कि अभी यह मॉर्गनटाउन, वर्जीनिया के 85 मील दक्षिणपश्चिम में स्थित है।

अमरीका के 6 राज्य फ्लोरेंस से प्रभावित

फ्लोरेंस से अमरीका के 6 राज्य प्रभावित हुए हैं। सबसे अधिक तबाही उत्तरी और दक्षिण कैरोलिना में हुई है। उत्तरी कैरोलिना में लगभग 30 इंच से अधिक बारिश हुई । वहीं दक्षिणी कैरोलिना के कई अन्य स्थानों पर 20 इंच से बारिश का अनुमान लगाया जा रहा है। अमरीकी मौसम सेवा ने कहा कि उत्तरी और दक्षिण कैरोलिना में आपदाजनक बाढ़ जारी है। भारी बाढ़ के बीच विलमिंगटन का तटीय शहर एक द्वीप बन गया है । अधिकारियों ने लोगों से खाली कराये गए इस शहर में न घुसने की चेतावनी जारी की है।

तूफान से बर्बादी

रेटिंग और विश्लेषण करने वाली संस्था मूडी के एनालिटिक्स के शुरुआती अनुमान में फ्लोरेंस से हुए नुकसान को 17 से 22 बिलियन डॉलर के बीच रखा गया है। अमरीकी इतिहास में इसे सबसे विनाशकारी तूफानों में से एक माना जा रहा है। सोमवार को एक समाचार सम्मेलन में उत्तरी कैरोलिना के गवर्नर रॉय कूपर ने कहा, “विनाशकारी बाढ़ और अभी भी पूरे राज्य में जीवन और संपत्ति के लिए बड़ा खतरा है। हम प्रभावित लोगों तक सभी तरह की मदद पहुंचाने की जी तोड़ कोशिश कर रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा “उत्तरी कैरोलिना के कई हिस्सों के लिए अभी भी तत्काल खतरे बने हुए है। कुछ क्षेत्रों में बाढ़ का प्रकोप और विकराल हो सकता है। यह हमारे राज्य के लिए एक बड़ी आपदा है।”

बढ़ रही हैं कीमतें

उत्तरी कैरोलिना के शीर्ष कानून प्रवर्तन अधिकारी तूफान फ्लोरेंस के चलते आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि की जांच कर रहे हैं। कानून प्रवर्तन अधिकारियों को सैकड़ों शिकायतें मिली हैं। अटॉर्नी जनरल जोश स्टेन ने बताया कि गैस और पानी जैसी जरूरी चीजों के मूल्य में वृद्धि का आरोप लगाते हुए लगभग 500 शिकायतें मिली हैं। ज्यादातर शिकायतें कैरोलिना राज्य के पूर्वी हिस्से से मिली हैं।

जरूरी चीजों की कमी

राज्य में भारी बारिश और बाढ़ के चलते कई आवश्यक वस्तुओं की कमी हो गई है। राज्य में करीब 20 प्रतिशत गैस स्टेशन सोमवार सुबह से खले पड़े हैं। तूफान फ्लोरेंस की वजह से दक्षिण कैरोलिना में गैस की कीमतों में 5 सेंट प्रति गैलन, उत्तरी कैरोलिना में 3 सेंट प्रति गैलन और वर्जीनिया में 1 सेंट पति गैलन की बढ़ोतरी दर्ज की गई है ।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो