scriptकिसान कर्जमाफी की मांग को लेकर अलवर जिले में इतने हजार भाजपा कार्यकर्ताओं के गिरफ्तारी देने का दावा | Thousand BJP Leaders Arrest In Alwar | Patrika News

किसान कर्जमाफी की मांग को लेकर अलवर जिले में इतने हजार भाजपा कार्यकर्ताओं के गिरफ्तारी देने का दावा

locationअलवरPublished: Feb 09, 2019 01:23:22 pm

Submitted by:

Hiren Joshi

अलवर जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कर्जमाफी की मांग को लेकर गिरफ्तादी दी।

Thousand BJP Leaders Arrest In Alwar

किसान कर्जमाफी की मांग को लेकर अलवर जिले में इतने हजार भाजपा कार्यकर्ताओं के गिरफ्तारी देने का दावा

अलवर. किसानों की पूर्ण कर्ज माफी करने, बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने एवं सामान्य वर्ग के गरीब युवाओं को 10 प्रतिशत सवर्ण आरक्षण देने की मांग को लेकर शुक्रवार को भाजपा की ओर से गिरफ्तारी दी गई।
गिरफ्तारी से पूर्व कलक्ट्रेट रोड स्थित लादिया बाग में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर कर्ज माफी के नाम पर किसानों के धोखा करने, बेरोजगार युवकों को घोषणानुसार भत्ता नहीं देने एवं सर्वण आरक्षण लागू नहीं करने का आरोप लगाया। बाद में भाजपा नेता, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट गेट पर खड़े पुलिस अधिकारियों के समक्ष गिरफ्तारी के लिए पेश किया। बाद में पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं को रोडवेज बसों, पुलिस के वाहनों में बैठाकर इंदिरा गांधी स्टेडियम ले गई। वहां भाजपा कार्यकर्ताओं को बसों से उतार कर रिहा कर दिया गया।
भाजपा का दावा 2189 कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का

भाजपा जिलाध्यक्ष संजय नरूका ने दावा किया कि पार्टी की ओर से 2189 कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी। इन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर ले जाने के लिए प्रशासन ने तीन रोडवेज बसें एवं कई पुलिस वाहन खड़े करवाए थे। भाजपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए खुद बसों में चढ़े। बाद में बसें व पुलिस वाहन भाजपा कार्यकर्ताओं को लेकर वहां से रवाना हुए। इधर, प्रशासन का कहना है कि छह-सात बसों में चार-पांच सौ लोगों का आना संभव है।
हारे-जीते नेताओं सहित पदाधिकारी भी थे मौजूद

गिरफ्तारी देने के लिए भाजपा के जीते विधायक संजय शर्मा व मंजीत चौधरी, नगर परिषद अलवर के सभापति अशोक खन्ना, नगर परिषद भिवाड़ी के सभापति संदीप दायमा मौजूद थे, वहीं पूर्व विधायक जयराम जाटव, रामहेत यादव, मंगलराम कोली, बनवारीलाल सिंघल, मामन यादव, पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ज्ञानदेव आहूजा, पूर्व मंत्री डॉ. जसवंत यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष पं. धर्मवीर शर्मा, इंद्रजीत सिंह पाटा, सुरेश मेहता, विजय मीणा, सुखवंत सिंह, महेन्द्र यादव, महंत बालकनाथ योगी, बाबूलाल मैनेजर, प्रदेश मंत्री बलवान यादव, महामंत्री अशोक गुप्ता, देवेन्द्र यादव, नरेश शर्मा, केजी खंडेलवाल, पं. जलेसिंह, डॉ. अशोक पाठक, पवन जैन, सुरेश यादव, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पूजा यादव, पूर्व जिला प्रमुख किरण यादव, पूर्व सभापति मीना सैनी, हर्षपाल कौर एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद थे।
कांग्रेस सरकार पर लगाया वादा खिलाफी का आरोप

सभा के दौरान भाजपा के वक्ताओं ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर किसानों से कर्जमाफी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। वक्ताओं का कहना था कि कांगे्रस ने चुनाव घोषणा पत्र में सरकार बनने के 10 दिन में कर्ज माफी का वादा किया था, लेकिन सरकार बने दो महीने हो गए, लेकिन किसानों की पूर्ण कर्ज माफी नहीं हुई। सरकार केवल भाजपा सरकार के दौरान किए कर्ज माफी के प्रमाण पत्र ही बांट रही है। वहीं बेरोजगार भत्ते में भी वादाखिलाफी का आरोप लगाया।

ट्रेंडिंग वीडियो