पंडित नेहरू के समय में उनके समकालीन महापुरुषों को उचित सम्मान न दिये जाने के सवाल पर राज्यपाल ने कहा, महापुरुषों के सम्मान को तराजू में तौला नहीं जा सकता है। सम्मान लेना-देना उस व्यक्ति की समाज में श्रद्धा पर निर्भर करता है। जिनको सम्मान नहीं मिला था उन्हें आज सम्मान मिल रहा है। जो हो रहा है उसकी खुशी मनाइए जो नहीं हुआ उसको लेकर रोना नहीं चाहिये। महापुरुषों का सम्मान सिर्फ सरकार ही नहीं आम जनता भी कर सकती है। राज्यपाल राम नाइक बालसन चौराहे पर स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा का अनावरण किया और श्रद्धासुमन अर्पित किया।
विकास के नाम पर प्रतिमा हटाने का हुआ था विरोध
कुंभ 2019 की तैयारी के मद्देनजर शहर में विकास कार्य चल रहा है। जिसके तहत आनंद भवन के पास बालसन चौराहे पर स्थापित पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा हटा दी गई थी। सड़क चौडीकरण में बाधा बनने के कारण प्रतिमा को स्थानांतरित किया गया था। जिसको लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया था। इसके बाद प्रशासन ने सफाई दी थी कि प्रतिमा को नए स्थान पर स्थापित किया जाएगा। नए जगह पर स्थापना के बाद बुधवार को उसका औपचारिक अनावरण राज्यपाल रामनाइक ने किया। बता दें की पंडित नेहरू की यह प्रतिमा उनके पैतृक आवास आनंद भवन के पास है।