scriptमध्यप्रदेश के साथ केंद्र की भेदभावपूर्ण नीति के विरोध में किया प्रदर्शन | protest against center's discriminatory policy | Patrika News

मध्यप्रदेश के साथ केंद्र की भेदभावपूर्ण नीति के विरोध में किया प्रदर्शन

locationअलीराजपुरPublished: Jul 21, 2019 05:42:32 pm

जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल ने कहा, भाजपा की रीति-नीति से देशवासी परेशान, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

congress protest

मध्यप्रदेश के साथ केंद्र की भेदभावपूर्ण नीति के विरोध में दिया धरना

आलीराजपुर. केंद्र की भाजपा सरकार की मध्यप्रदेश के प्रति भेदभावपूर्ण नीति के विरोध में मप्र कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शनिवार को कलेक्टोरेट पर जिला कांग्रेस का धरना प्रदर्शन कार्यक्रम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश पटेल के नेतृत्व में हुआ। इसमें सैकड़ों की संख्या में जिले से आए हुए कांग्रेसियों ने भाग लिया। धरना प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रपति के नाम से एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। धरना प्रदर्शन के दौरान सभा भी हुई, जिसे कांग्रेस नेताओं ने बारी-बारी से संबोधित किया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश पटेल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, केंद्र की भाजपा सरकार की रीति-नीति से देशवासी काफी परेशान व आहत हैं। हमारे अपने मध्यप्रदेश के प्रति भी उसका पूर्णत: सौतेला व्यवहार है। अभी हाल ही में केंद्र की भाजपा सरकार ने संसद में 2019-2020 का जो आम बजट प्रस्तुत किया है, उसमें मध्यप्रदेश राज्य के साथ भेदभाव करते हुए 2677 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। पटेल ने कहा, मध्यप्रदेश से भारतीय जनता पार्टी के 28 सांसदों द्वारा बजट के समय मध्यप्रदेश के हित के लिए आवाज तक नहीं उठाई गई जो निंदनीय और शर्मनाक है। भाजपा के 28 सांसदों की मौन समर्थन का जिला कांग्रेस कमेटी आलीराजपुर कड़ा विरोध और घोर निंदा करती है।
जिला कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष ओम सेठ राठौर ने कहा, केंद्र सरकार की इस भेदभावपूर्ण नीति के विरोध में आज मप्र कांग्रेस कमेटी भोपाल के आह्वान पर प्रदेश के सभी जिलों में प्रदेश व्यापी धरना प्रदर्शन हो रहे हैं। राठौर ने कहा, प्रधानमंत्री पूरे भारत देश के होते हैं। बगैर भेदभाव निष्पक्ष रूप से देश के सभी प्रांतों पर उनकी विकासमूलक दृष्टि और जन कल्याणकारी रीति-नीति होना चाहिए। आज यदि मध्यप्रदेश को उसकी पात्रता अनुसार 2677 करोड़ का और अधिक बजट प्राप्त होता तो मध्यप्रदेश की और अच्छे से तकदीर-तस्वीर संवरती और प्रदेश में जन कल्याणकारी कार्यों को मूर्त रूप मिल सकता था। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राधेश्याम माहेश्वरी ने कहा, भाजपा की केंद्र सरकार के तुगलकी, हिटलरशाही और मनमाने पूर्ण फैसलों से देश की आम जनता, व्यापारी वर्ग, किसान, अधिकारी-कर्मचारी आदि परेशान हैं। केंद्र सरकार की जुमलेबाजी घोषणाएं सिर्फ कागजों पर और आम सभाओं में विकास कर रही हैं। अच्छे दिन की आस में देश की करोड़ों जनता आज मारी मारी फिर रही है। सभा को उदयगढ़ के कांग्रेस नेता कमरु अजनार, युवा कांग्रेस नेता राहुल परिहार, सर्वेश सिसौदिया सहित आदि नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष शंकर बामनिया, सभी ६ ब्लॉक के कांग्रेस अध्यक्ष, कांग्रेस नेता खुर्शीद अली दीवान, मोहन उमरठ, उरसान छकतला, राजेश चौधरी, मंसूर मर्चेंट, जहीर मुगल, बहादुर बामंटा आदि उपस्थित थे।
congress protest
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो