script

आज श्रद्धा व आस्था के साथ पूजी जाएंगी शीतला माता

locationअलीराजपुरPublished: Mar 26, 2019 10:41:58 pm

-पूजन अर्चन कर करेंगे परिवार की सुख-सम़ृद्धि की कामना -माता को चढ़ाएं जाएंगे ठंडे पकवान, घरों में नहीं जलेंगे चूल्हे

alirajpur

आज श्रद्धा व आस्था के साथ पूजी जाएंगी शीतला माता

आलीराजपुर. रंगपंचमी के बाद शीतला सप्तमी की तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। शीतला सप्तमी का पर्व बुधवार को मनाया जाएगा। महिलाएं इस दिन अखंड सौभाग्य एवं परिवार की सुख सम़ृद्धि की कामना के साथ शीतलामाता का पूजन करेंगी और ठंडे पकवान चढ़ाएंगी। मंगलवार को दिनभर घरों में व्यंजन बनाने का दौर चलता रहा। जिसे बुधवार को सुबह महिलाएं द्वारा शीतलामाता को अर्पित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि शीतला सप्तमी का उत्सव होली से शुरू हो जाता है। बुधवार को हिन्दू समाज की महिलाओं द्वारा नगर से दो किमी दूर शीतलामाता मंदिर मेंं पूजा की जाएगी।
करेंगे ठंडे पकवान का सेवन
जिला मुख्यालय के साथ ही जिले भर में शीतला सप्तमी का पर्व पारंपारिक हर्षोल्लास व आस्था पूर्वक मनाया जाएगा। नगर मे रात्रि १२ बजे से ही महिलाएं पूजन सामग्री व ठंडे खाद्य पदार्थ लेकर शीतला माता मंदिर पहुंचेगी तथा वहां माताजी का पूजन कर अखंड सौभाग्य एवं परिवार की सुख-सम़ृद्धि की कामना के साथ ही ठंडे खाद्य पदार्थ का भोग लगाया जाएगा। प्राचिन मान्यताओं के अनुसार अधिकांश हिन्दू समाजों के घर में इस दिन चूल्हा नहीं जलाया जाता है तथा ठंडे खाद्य पदार्थ का सेवन किया जाता है।
-पारंपारिक व्यजंनों का उठाएंगे लुत्फ
राठौड़ समाज में शीतला सप्तमी का पर्व विशेष रूप से मनाए जाने की परंपरा है। नगर के सबसे बड़े राठौड़ समाज द्वारा पर्व को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। सप्तमी के अवसर पर समाज के सदस्य पूजा-अर्चना करने के पश्चात एक-दूसरे के घरों पर जाएंगे तथा स्वल्पाहार के रूप में पुड़ी, शक्करपारे, पापड़, संजोरी व पर्व विशेष पर बनाए जाने वाने पारंपारिक व्यजंनों का लुत्फ उठाएंगे।
-संगठनों द्वारा लगाए जाएंगे स्टाल
शीतला माता मंदिर समिति के भुरसिंह डावर व किशन पटेल ने बताया कि शप्तमी के अवसर पर बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के अनेक समाज सेवी, धार्मिक संगठनों की ओर से श्रद्धालुओं की सेवा की जाएगी। सप्तमी के अवसर पर हजारों की संख्या में सूर्योदय के पूर्व ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचेंगे। शीतला माता समिति के भुरसिंह डावर ने बताया कि दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई समस्या ना हो इसलिए बेेरिकेडस लगाकर महिला एवं पुरुष की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। इस दौरान पुलिस का भी कड़ा प्रबंध रहेगा।

ट्रेंडिंग वीडियो