script

आज 30 फीसदी ज्यादा चमकीला, 14 फीसदी बड़ा दिखेगा चंद्रमा

locationअहमदाबादPublished: Feb 18, 2019 09:34:28 pm

चूके तो करना पड़ेगा वर्ष २०२६ तक का इंतजार, साइंस सिटी में विशेष व्यवस्था, देखने के साथ इसरो व पीआरएल के वैज्ञानिकों से समझने का भी मिलेगा मौका
 

supermoon

आज 30 फीसदी ज्यादा चमकीला, 14 फीसदी बड़ा दिखेगा चंद्रमा

अहमदाबाद. खगोलीय घटनाओं में रुचि रखने वालों के लिए मंगलवार की रात काफी अहम साबित होने वाली है। इस शाम इस साल का दूसरा सुपरमून दिखाई देगा। जो आम दिनों में दिखने वाले चंद्रमा की तुलना में ३० फीसदी ज्यादा चमकीला और १४ फीसदी ज्यादा बड़ा दिखेगा। मंगलवार को यदि आप इस लम्हे को देखने से चूक गए तो आपको दिसंबर २०२६ तक इंतजार करना पड़ेगा।
इस अद्भुत अवकाशीय नजारे को ज्यादा से ज्यादा लोग देख और समझ सकें इसके लिए अहमदाबाद साइंस सिटी में विशेष व्यवस्था की गई है।
साइंस सिटी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नरोत्तम साहू ने बताया कि मंगलवार की शाम ६.२६ बजे से आकाश में सुपरमून का दिखाई देना शुरू होगा, जो बुधवार (20 फरवरी) की सुबह ६.५१ बजे तक दिखाई देगा। यह इस साल २०१९ का दूसरा सुपरमून है। 19 फरवरी 2019 का पूर्ण चंद्रमा पेरिगी पर दिखाई देगा, जो अंडाकार-आकार वाली चंद्र कक्षा में पृथ्वी के सबसे निकटतम बिंदु पर होगा। जिससे यह 14 प्रतिशत अधिक बड़ा दिखाई देगा। साथ ही 30 प्रतिशत अधिक चमकदार भी दिखेगा। 19 फरवरी के सुपरमून वर्ष का सबसे निकटतम पूर्ण चंद्रमा है। इस दौरान उसकी पृथ्वी से दूरी 3,56,846 किमी होगी, जो औसतन 3,85,000 किमी होती है।
अच्छी बात यह है कि 19 फरवरी की शाम को आसमान साफ रहेगा, सर्दी की कम हो गई है, जिससे लोग इस अदभुत नजारे का लुत्फ उठा सकते हैं। यह घटना क्यों और कैसे होती है इसकी जानकारी देने के लिए इसरो एवं पीआरएल के वैज्ञानिक भी साइंस सिटी में उपस्थित रहेंगे। लोगों के लिए प्लानेट अर्थ के पास टेलीस्कॉप के जरिए इसे देखने का मौका मिलेगा।
इस अवसर को चूकने वालों को इसी आकार एवं चमक वाला चंद्रमा देखने के लिए सात साल यानि वर्ष २०२६ की क्रिसमस की पूर्व संख्या तक इंतजार करना पड़ेगा।

ट्रेंडिंग वीडियो