भाजपा आरक्षण-वोट का अधिकार छीनना चाहती प्रियंका ने संविधान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि संविधान से आपको अधिकार मिले हैं और सबसे बड़ा अधिकार वोट डालने का मिला है। संविधान में आरक्षण के साथ-साथ नागरिकों का सवाल करने और आंदोलन करने का अधिकार दिया है। इसलिए जब भाजपा के नेता यह कहते हैं कि उनकी सरकार आने पर संविधान बदल दिया जाएगा तो मतलब साफ है कि यह लोगों से उनका अधिकार छीनना चाहते हैं।कांग्रेस महासचिव ने कहा कि एक जमाने में प्रधानमंत्री गांव में जाते थे तो लोग अपना हक मांगते थे। मैं खुद अपने पिता राजीव गांधी के साथ जाती थी तो लोग उन्हें अपने काम के लिए डांट देते थे,तब ऐसी राजनीति थी। इस राजनीति का आधार महात्मा गांधी ने दिया था।
उन्होंने नेताओं को सिखाया कि जनता सर्वोपरि है। देश में लोगों से बात करके और उनकी समस्याओं को जानकर नीतियां बनती थीं, इसलिए कांग्रेस ने हमेशा जनता की सुविधा वाली नीतियां बनाई हैं। मोदी गुजरात से क्यों नहीं लड़ रहे चुनाव?
प्रियंका ने मोदी पर गुजरात की जनता को भूलने का आरोप लगाया और कहा कि पीएम अब गुजरात की जनता को नहीं पहचानते। अगर वे गुजराती जनता से कटे नहीं होते तो फिर वह यहां से चुनाव क्यों नहीं लड़ रहे हैं? मोदी को आपसे जो फायदा निकालना था उन्होंने निकाल लिया। प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी गुजरात की जनता को भूल चुके हैं।
महिलाओं पर अत्याचार में भाजपा अपराधियों के साथ उन्होंने कहा कि गुजरात में राजपूत महिलाओं का अपमान किया गया, लेकिन क्या पीएम मोदी ने उस प्रत्याशी पर कोई एक्शन लिया। आज देश में जहां भी महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है वहां भाजपा सरकार ने अपराधियों का साथ दिया है। उन्नाव केस, हाथरस केस, महिला पहलवानों का केस हो, गुजरात में राजपूत बहनों का अपमान हो या फिर कर्नाटक में दिल दहलाने वाला सैकड़ों महिलाओं का शोषण-भाजपा सरकार और मोदी ने हर जगह अत्याचारी को बचाया है। महिला पहलवानों के साथ अत्याचार करने वाले के बेटे को उत्तर प्रदेश में बीजेपी ने टिकट दिया।