राजकोट एवं अहमदाबाद समेत इलाकों में हल्की बारिश
अहमदाबादPublished: Jul 19, 2019 11:27:35 pm
आज से दो दिन तक भारी बारिश की चेतावनी
अहमदाबाद. राज्य में लंबे विराम के बाद एक बार फिर बारिश का आगमन हुआ है। गुरुवार एवं शुक्रवार को राजकोट एवं अहमदाबाद जिलों समेत कुछ भागों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने शनिवार एवं रविवार को दक्षिण गुजरात समेत कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है।
राजकोट शहर एवं जिले में गुरुवार से शुक्रवार तक एक इंच से अधिक (२९ मिलीमीटर) बारिश हुई वहीं अहमदाबाद जिले के कुछ भागों में आधा इंच तक बारिश हुई। मौसम विभाग ने संभावना जताई कि शनिवार एवं रविवार को भी दक्षिण गुजरात रीजन के अलावा उत्तर ुजरात के अहमदाबाद, महेसाणा एवं सौराष्ट्र कच्छ के कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि दक्षिण गुजरात के दमन दादरानगर हवेली, वलसाड, नर्मदा एवं छोटा उदेपुर में शनिवार एवं रविवार को भारी बारिश हो सकती है। शुक्रवार को बादल छाए रहने के कारण तापमान में वृद्धि भी हुई है। राज्य में सबसे अधिक ३९.४ डिग्री तापमान गांधीनगर में रहा। जबकि सुरेन्द्रनगर में ३९.३ और अहमदाबाद शहर में ३९.१ डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।