हम बात कर रहे हैं जगनेर विकास खंड के गांव भारा की। इस गांव में एक ऐसा स्थल है जो तीन ओर से पहाड़ियों से घिरा हुआ है। यहां प्राकृतिक रूप से बांध बना हुआ है। एक ओर से खुला हुआ है। अगर यहां एक ओर करीब 500 मीटर लम्बी दीवार बना दी जाए तो बांध बन जाएगा। फिर वर्षाजल का संचय होगा। जलस्तर बढ़ेगा। सिंचाई के लिए पानी मिल सकेगा। गर्मी में पानी के लिए हाहाकार नहीं मचेगी। तीन से चार किलोमीटर के क्षेत्र में पानी भरा रह सकता है।
ग्राम भारा निवासी राजकिशोर सिंह परमार वर्ष 2012 से बांध को बनवाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर कई बार लिखा है। जिलाधिकारी आगरा को लिखकर दिया है। जांच हुई है। सिंचाई विभाग स्वीकार करता है कि 20 साल से यहां चेक डैम बना हुआ है। यह एक ओर से क्षतिग्रस्त है। अधिशासी अभियंता लोअर खंड आगरा कैनाल ने 19 अप्रैल, 2018 को जिलाधिकारी को भेजे पत्र में कहा है कि यह काम लघु सिंचाई विभाग करता है। इसलिए मरम्मत का काम भी लघु सिंचाई विभाग द्वारा किया जाएगा। 28 अगस्त, 2017 को भी इसी तरह का पत्र जिलाधिकारी को भेजा गया था। इसके बाद कुछ हुआ नहीं। प्रस्ताव फाइल में ही दबकर रह गया।
बांध की दीवार बनाने के अभियान में लगे राज किशोर सिंह परमार ने पत्रिका को बताया कि मैं तो सरकारी विभागों को लिखकर थक चुका हूं। सब एकदूसरे पर टालते रहते हैं। काम कोई नहीं करता है। जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चाहते हैं कि जल संरक्षण हो, तब भी ये अधिकारी कुछ नहीं कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने मिट्टी का कार्य कराया था, लेकिन उसका अधिक लाभ नहीं होता है। पक्की दीवार बनेगी तो स्थाई काम होगा।
श्री परमार ने आरोप लगाया कि अधिकारी मौज की मार रहे हैं। एक सामान्य सा काम भी नहीं कर रहे हैं। यह ऐसा काम है, जिससे भारा गांव ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों को भी लाभ होगा। सिंचाई विभाग, लघु सिंचाई विभाग, लोअर खंड कैनाल के बीच बांध की दीवार बनवाने का पत्र घूम रहा है। सब खानापूरी कर रहे हैं। लगता है इस साल भी अमृत समान वर्षा जल यूं ही बह जाएगा। राजकिशोर सिंह परमार इस समय शास्त्रीपुरम,सिकंदरा में निवासरत हैं, लेकिन बांध की दीवार बनवाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
लोकसभा में आगरा के सांसद प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने अदम गोंडवी का एक शेर पढ़ा था- जो उलझकर रह गई है फाइलों के जाल में, गांव तक वह रोशनी आएगी कितने साल में। अदम गोंडवी का यह शेर ग्राम भारा के बांध पर पूरी तरह सार्थक हो रहा है।