scriptलोकसभा चुनाव 2019: तीसरे चरण में सात सीटों पर पीलीभीत में सबसे ज्यादा वोट पड़े, ईवीएम खराब होने पर दौड़ते रहे अधिकारी | Lok sabha election 2019 Third phase election live update latest news | Patrika News

लोकसभा चुनाव 2019: तीसरे चरण में सात सीटों पर पीलीभीत में सबसे ज्यादा वोट पड़े, ईवीएम खराब होने पर दौड़ते रहे अधिकारी

locationआगराPublished: Apr 23, 2019 07:17:26 pm

पीलीभीत में 61.74 फीसद वोट पड़े। हर जिले से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) खराब होने की सूचनाएं आती रहीं।

VVPAT

लोकसभा चुनाव 2019: तीसरे चरण में सात सीटों पर पीलीभीत में सबसे ज्यादा वोट पड़े, ईवीएम खराब होने पर दौड़ते रहे अधिकारी

आगरा। लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2019 के तृतीय चरण में बृज और रुहेलखंड की सात सीटों पर मतदान हुआ। पीलीभीत में 61.74 फीसद वोट पड़े। हर जिले से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) खराब होने की सूचनाएं आती रहीं। इसके चलते कई बूथ पर मतदान रुका रहा। फिरोजाबाद के दो गांवों में मतदान बहिष्कार भी हुआ। मतदान के बाद समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव, अध्यक्ष अखिलेश यादव, महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के अलावा अक्षय यादव, धर्मेन्द्र यादव, कुंवर देवेन्द्र सिंह यादव, केन्द्रीय मंत्री संतोष गंगवार, फिरोज वरुण गांधी, राजवीर सिंह, राजू भैया, धर्मेन्द्र कश्यप का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया है। 23 मई को पता चलेगा कि कौन हारा और कौन जीता।

इन सीटों पर हुआ चुनाव
बृज क्षेत्र में एटा, मैनपुरी, फिरोजाबाद में चुनाव हुआ। रुहेलखंड में बरेली, आंवला, पीलीभीत और बदायूं सीट पर चुनाव मतदान हुआ। इस तरह कुल सात सीटों पर मतदान हुआ है। सबसे कम छह प्रत्याशी फिरोजाबाद सीट पर हैं। सबसे अधिक 16 प्रत्याशी बरेली में हैं। शाहजहांपुर सीट पर मतदान चौथे चरण में होगा।
शाम 6 बजे तक मतदान प्रतिशत
फिरोजाबाद 55.40
मैनपुरी 53.37
एटा 58.34
बदायूं 55.51
आंवला 56.38
बरेली 55.27
पीलीभीत 61.74

बंदरों के चक्कर में बहिष्कार
कासगंज। पटियाली विधानसभा के गांव रम्पुरा ग्राम पंचायत चार गांव रम्पुरा, नकडरु, प्यारमपुर, आजाद नगर के ग्रामीण बन्दरो के आतंक से परेशान थे। इस पर उन्होंने मतदान बहिष्कार कर दिया। इससे करीब दो घंटे मतदान प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंचे उपजिलाकारी शिवकुमार सिंह ने जिलाधिकारी से वार्ता कर 25 तारीख को बंदर पकड़वाने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने 8:50 बजे से वोट डालने शुरू कर दिए।
भरगैन के पूर्व चेयरमैन हिरासत में रहे
कासगंज। पटियाली के कस्बा भरगैन के पूर्व चेयरमैन व मौजूद चेयरमैन प्रतिनिधि अहमद नफीस कालिया को शांति भंग की आशंका में पुलिस कप्तान अशोक कुमार शुक्ल के आदेश पर इंस्पेक्टर पटियाली मनोज कुमार ने शाम 6 बजे तक हिरासत में रखा।

वोट न होने पर हंगामा
मैनपुरी। चोराईपुर बूथ 56 पर 30 मिनट से अधिक समय से मशीन खराबी के कारण वोट नहीं पड़े। करीब एक घंटे मतदान रुका रहा। किशनी के समशेरगंज महोली बूथ पर बीएलओ द्वारा 100 वोट से अधिक वोट काटने से नाराज ग्रामीणों ने हंगामा काटा।

एडीजी ने किया निरीक्षण
फिरोजाबाद। आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक अजय आनंद ने टूंडला के बीरी सिंह इंटर कॉलेज में बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य मुद्दों पर जानकारी ली। साथ ही वहां पर मौजूद पुलिस फोर्स से भी बातचीत की।
ईवीएम खराब
फिरोजाबाद। शिव पैलेस टीला मोहल्ले में बूथ संख्या 150 की ईवीएम शाम 4 बजे खराब हो गई। आधा घंटा बाद दूसरी मशीन पहुंची। चंद्रवार गेट पर बने शिव पब्लिक स्कूल में एक घंटा तक बूथ संख्या 150 की ईवीएम खराब रही। टूंडला विधानसभा के गांव नगला हरिश्चन्द्र की बूथ संख्या 262 पर ईवीएम तीन बजे से खराब हो गई। तमाम लोग बिना वोट डाले लौट गए।

साइकिल पर वोट डलवाने का आरोप
एटा। जिला पंचायत परिसर में बूथ नम्बर 88 में मतदान को लेकर वोटरों ने हंगामा किया। आरोप है कि साइकिल पर जबरदस्ती वोट डलवाया जा रहा है। इसे लेकर सेक्टर मजिस्ट्रेट से नोक-झोंक हुई। इसके बाद जोनल मजिस्ट्रेट एससी राजपूत ने पीठासीन अधिकारी योगेश कुमार को हटा दिया। एटा लोकसभा सीट के रिजोर थाने में पड़ने वाले बूथ संख्या 223 पर क़रीब डेढ़ घण्टे तक ईवीएम खराब रही।
पीठासीन अधिकारी के सिर पर पंखा गिरा, गंभीर
एटा। लोकसभा चुनाव की ड्यूटी में मारहरा विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 162 पर तैनात पीठासीन अधिकारी किशन सिंह के सिर पर पंखा गिर गया। पंखे की पंखुड़ी सिर में घुस गई। गंभीर घायल अवस्था में उन्हें एटा जिला चिकित्सालय से आगरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बरेली में भी बहिष्कार
बरेली। मीरगंज पीलाखार नदी पर पत्थर न लगने पर पलथा गांव के लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया। ऐलान किया कि जब तक नदी पर पत्थर नहीं लगेगा, तब तक वोट नहीं डालेंगे। अधिकारियों ने उन्हें समझाया।

अधिकारी को दौरा पड़ा
बरेली। आंवला लोकसभा सीट की विधानसभा फरीदपुर के गांव खजुरिया संपत में पीठासीन अधिकारी को दौरा पड़ गया। कमरा नंबर 86 में तैनात थे। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उनकी मौत की अफवाह भी फैल गई थी।

पीलीभीत में बहिष्कार, मशीन खराब
पीलीभीत के बरखेड़ा इलाके के पिपराखास गांव में ग्रामीणों ने भी मतदान का बहिष्कार किया। रेलवे लाइन के कारण ग्रामीणों को निकलने में दिक्कत होती है। कुछ दिन पहले ही एक ग्रामीण की यहां मौत हो चुकी है। अफसरों के समझाने और आश्वासन पर बाद में वोट डाले।
पीलीभीत में आईटीआई, पुरानी तहसील के बूथों पर ईवीएम मशीन में खराबी होने के कारण मतदान देर से शुरू हो सका। न्यूरिया थाना क्षेत्र के गौहर गांव में भी ईवीएम मशीन खराब होने से पचास मिनट देर से वोटिंग शुरू हो सकी।
बदायूं में मतदान प्रभावित
बदायूं जिले के बिसौली में कई पोलिंग बूथों पर ईवीएम खराब हो गई। बिसौली विधानसभा क्षेत्र के पर्सिया पोलिंग बूथ 136 और शहर में मदनलाल इंटर कॉलेज व इस्लामिया कॉलेज के बूथ में भी कई ईवीएम खराब होने से मतदान प्रभावित हुआ।

प्रमुख प्रत्याशी
20- फिरोजाबाद (6 प्रत्याशी)
अक्षय यादव, सपा (गठबंधन)
डॉ. चन्द्रसेन जादौन, भाजपा
शिवपाल सिंह यादव, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया

21-मैनपुरी (12 प्रत्याशी)
प्रेमपाल सिंह शाक्य, भाजपा
मुलायम सिंह यादव, सपा (गठबंधन)

22-एटा (14 प्रत्याशी)
कुंवर देवेन्द्र सिंह यादव, सपा (गठबंधन)
राजवीर सिंह (राजू भैया), भाजपा
रश्मि यादव, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी

23-बदायूं (9 प्रत्याशी)
धर्मेन्द्र यादव, सपा (गठबंधन)
सलीम इकबाल शेरवानी, कांग्रेस
डॉ. संघमित्रा मौर्या, भाजपा

24-आंवला (14 प्रत्याशी)
धर्मेन्द्र कश्यप, भाजपा
रुचि वीरा, बसपा (गठबंधन)
कुंवर सर्वराज सिंह, कांग्रेस
सुनील कुमार, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया)

25-बरेली (16 प्रत्याशी)
प्रवीन सिंह ऐरन- कांग्रेस
भगवत सरन गंगवार- सपा (गठबंधन)
संतोष कुमार गंगवार, भाजपा
समन ताहिर, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया

26-पीलीभीत (13 प्रत्याशी)
फिरोज वरुण गांधी, भाजपा
हेमराज वर्मा, सपा (गठबंधन)
शाम 7 बजे तक मतदान प्रतिशत
फिरोजाबाद 56.45
मैनपुरी 54
एटा 59.97
बदायूं 55.61
आंवला 56.38
बरेली 57.01
पीलीभीत 61.74

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो