script

नाइजीरिया: बुहारी की चुनावी रैली में फिर से मची भगदड़, इतने लोगों की चली गई जान

Published: Feb 13, 2019 04:04:57 pm

Submitted by:

Shweta Singh

इस घटना के बारे में राष्ट्रपति कार्यालय से मंगलवार की देर रात को बयान जारी किया गया।

Stampede in election rally of president buhari in nigeria

नाइजीरिया: बुहारी की चुनावी रैली में फिर से मची भगदड़, इतने लोगों की चली गई जान

अबुजा। आम चुनाव से पहले नाइजीरिया की एक रैली में बड़ा हादसा होने की जानकारी मिल रही है। देश के राष्ट्रपति मोहम्मद बुहारी की प्रचार रैली में मंगलवार को भगदड़ मच गई। जानकारी मिल रही है कि इसके चलते वहां कई लोगों की मौत हो गई है। इस घटना के बारे में राष्ट्रपति कार्यालय से मंगलवार की देर रात को बयान जारी किया गया।

कार्यक्रम खत्म होने के बाद मचा भगदड़

यह रैली वहां के रिवर्स स्टेट में पोर्ट हरकोर्ट में की जा रही थी। इस दौरान राष्ट्रपति के ऑल प्रोग्रेसिव्स कांग्रेस (एपीसी) पार्टी के कई सदस्यों की जान चली गई। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति को इन सदस्यों की त्रासदीपूर्ण मौत के बारे में जानकारी दे दी गई है। स्थानीय मीडिया में इस बारे में छपी जानकारी के अनुसार यह कार्यक्रम वहां के अदोकिये अमीसिमाका स्टेडियम के अंदर आयोजित कराया गया था। जब कार्यक्रम समाप्त होने लगा तो भीड़ निकास द्वार की तरफ बढ़ी। हालांकि उस वक्त तक द्वार बंद था और लोगों के जबरन निकलने की कोशिश में वहां अफरातफरी मच गई। एक अन्य रिपोर्ट में ये भी बताया गया कि भीड़ में पीछे खड़े कुछ लोग आगेवालों के लोगों को धक्का मार रहे थे। इस दौरान कुछ लोग जमीन पर गिर पड़े और अनियंत्रित भीड़ के नीचे कुचले गए।’ इस भगदड़ में 14 लोगों की मौत होने की जानकारी मिल रही है। इस संख्या पर यूनिवर्सिटी ऑफ पोर्ट हरकोर्ट टीचिंग हॉस्पिटल के प्रवक्ता की ओर से पुष्टि की गई है।

घायलों का इलाज जारी

हालांकि उन्होंने इसके साथ ही ये भी कहा कि कई अन्य का इमरजेंसी में इलाज किया जा रहा है, इसलिए हम फिलहाल कोई सटीक आंकड़ा नहीं दे सकते। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी बुहारी की रैली में भगदड़ मची थी जिसमें छह लोगों की जान चली गई थी। नाइजीरिया में शनिवार को आम चुनाव होने वाले हैं। इसमें बुहारी अपने चार वर्ष के दूसरे कार्यकाल के लिए मैदान में हैं। उनके सामने प्रतिद्वंदी पूर्व उपराष्ट्रपति अकितु अबुबकर हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो