उन्होंने कहा कि सीरियाई सैनिक हजारों आईएस आतंकवादियों के हमलों को नाकाम करते हुए देश के पूर्वी भाग में आगे बढ़ रहे हैं। रुदस्कोई ने कहा कि सरकारी बलों ने मध्य सीरिया में अकेरबाट शहर में आईएस का पूरी तरह सफाया कर दिया है। उन्होंने कहा कि सीरियाई सैनिक और रूसी वायु सेना आईएस आतंकवादियों और अन्य आतंकवादी संगठनों के पूरे सफाये तक उनके खिलाफ कार्रवाई जारी रखेंगे।
सीरिया में जारी गृह युद्ध की शुरुआत 2011 में हुई थी। सीरिया में सात साल से युद्ध चल रहा है। इसमें अब तक 3 लाख 30,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। संयुक्त राष्ट्र में वैश्विक नेताओं की मुलाकात के दौरान शीर्ष वैश्विक कूटनीतिक मुद्दों में इस साल सीरिया में चल रहे युद्ध के मुद्दे को शामिल नहीं किया गया था। इस बार ज्यादा जोर उत्तर कोरिया और ईरान के परमाणु खतरों पर दिया गया है।
सीरिया के मुद्दे पर रूस और यूरोपीय संघ में टकराव के हालात हैं। यूरोपीय संघ ने इस साल अप्रैल में सीरिया को छह अरब डॉलर की सहायता राशि देने का वादा किया था। इसके बाद रूस के उप विदेश मंत्री जेन्नडी गातिलोव ने कहा था कि सहायता राशि का इस्तेमाल सीरियाई राष्ट्रपति बशर-अल-असद पर दवाब बनाने के लिए राजनीतिक हथियार के तौर पर किया जा रहा है। हालांकि यूरोपीय संघ के अधिकारियों के मुताबिक, यह राशि तब तक सीरिया को नहीं दी जाएगी, जब तक युद्ध खत्म करने के लिए संयुक्त राष्ट्र के नेतृत्व में वार्ता में एक विश्वसनीय राजनीतिक परिवर्तन पर समझौता नहीं हो जाता।