scriptशेरवानी खरीदने निकला दूल्हा लापता, वधू पक्ष ने तोड़ा रिश्ता | The groom who went out to buy sherwani went missing, the bride's side broke the relationship | Patrika News
यूपी न्यूज

शेरवानी खरीदने निकला दूल्हा लापता, वधू पक्ष ने तोड़ा रिश्ता

groom missing:शादी के लिए शेरवानी सूट (Sherwani suit) खरीदने निकला एक दूल्हा (groom) संदिग्ध हालात में लापता हो गया है। तमाम खोजबीन के बाद भी उसका सुराग नहीं लग पाया है। वधू पक्ष को इसकी भनक लगते ही उन्होंने ऐन मौके पर रिश्ता करने से इनकार कर दिया है।

लखनऊMay 05, 2024 / 10:28 am

Naveen Bhatt

The groom who went out to buy sherwani for the wedding in Uttarakhand has gone missing

उत्तराखंड में शादी के लिए शेरवानी खरीदने निकला एक दूल्हा लापता हो गया है

उत्तराखंड में काशीपुर के मोहल्ला विजयनगर नई बस्ती निवासी एक युवक का रिश्ता रामनगर से तय हुआ था। शनिवार दोपहर 12 बजे उसकी बारात जानी थी। दोनों परिवारों में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। शनिवार सुबह युवक ने अपनी मां से बाजार से शेरवानी खरीदकर लाने के लिए 15 हजार रुपये लिए। सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह घर से निकल गया। दो घंटे बाद भी वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। उसका मोबाइल भी बंद आने लगा।

धरी रह गई सारी तैयारियां

परिजन और रिश्तेदारों ने तमाम संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन शाम तक भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। परिजनों ने रामनगर में वधू पक्ष से संपर्क कर उन्हें इस बारे में जानकारी दी। बारात नहीं पहुंचने से वधू पक्ष की सारी तैयारियां धरी रह गईं।

संदेह होते ही वधू पक्ष ने तोड़ा रिश्ता

शादी से ठीक पहले दूल्हे के गायब होने से वधू पक्ष में भी हड़कंप मच गया था। उनके यहां भी शादी की तैयारियां धरी की धरी रह गईं। इससे नाराज वधू पक्ष के लोगों ने अब रिश्ता करने से साफ इनकार कर दिया है। दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई है। युवक के परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है।

रिश्ते से खुश था दूल्हा

परिजनों के मुताबिक रिश्ते को लेकर युवक खुश दिखाई दे रहा था। उसकी तरफ से नाराजगी का कोई संकेत नहीं मिला था। वह कैसे और क्यों लापता हुआ, किसी को पता नहीं। बहरहाल युवक के लापता होने से शादी के घर में उदासी छा गई। सभी नाते-रिश्तेदार शादी में जाने के लिए काफी उत्साहित थे। सभी ने शादी में जाने के लिए तैयारियां कर ली थीं।

Hindi News/ UP News / शेरवानी खरीदने निकला दूल्हा लापता, वधू पक्ष ने तोड़ा रिश्ता

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो