scriptपाक अधिकृत कश्मीर को जल्द वापस लेगी सरकार- डॉ. जितेन्द्र सिंह  | India will govern PoK soon: Dr. Jitendra Singh | Patrika News

पाक अधिकृत कश्मीर को जल्द वापस लेगी सरकार- डॉ. जितेन्द्र सिंह 

Published: Jul 23, 2017 06:56:00 am

Submitted by:

ललित fulara

भारत-पाक सीमा पर चल रहे तनातनी के बीच प्रधानमंत्री कार्यालय के मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। सिंह का कहना है कि भारत जल्द ही पाक अधिकृत कश्मीर को वापस लेने जा रही है।

Dr. Jitendra Singh

Dr. Jitendra Singh

नई दिल्ली। भारत-पाक सीमा पर चल रहे तनातनी के बीच प्रधानमंत्री कार्यालय के मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। सिंह का कहना है कि भारत जल्द ही पाक अधिकृत कश्मीर को वापस लेने जा रही है। वे राजधानी दिल्ली के जनकपुरी में कारगिल शहीदों की याद में आयोजित किए गए कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि यदि सरदार पटेल की चली होती तो आज कश्मीर की तस्वीर दूसरी होती। आपको बता दें कि कश्मीर पर प्रथम प्रधानमंत्री पंडित नेहरु और उपप्रधानमंत्री सरदार पटेल के बीच मतभेद था। पटेल कश्मीर को भारत में किसी भी सैन्य हस्तक्षेप के जरिए भी शामिल करवाने के पक्षधर थें जबकि नेहरु शांतिपूर्ण विलय के। 

एनआईए छापों से अलगाववादी के चेहरे बेनकाब- जितेन्द्र सिंह 
कारगिल शहीदों को याद करते हुए डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि यह युद्ध भारतीय सेना की कामयाबी का जीता-जागता उदाहरण है। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत को वो पूरा कश्मीर चाहिए जो महाराजा हरि सिंह ने सौंपा था। सिंह ने माना कि भारत सरकार इसी एजेंडे पर काम भी कर रही है। मौके पर केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि टेरर फंडिग पर एनआईए की जांच के अलगाववादियों के चेहरे बेनकाब हो गए हैं। इससे अब अलगाववादियों में भी कानून का भय हुआ है। साथ ही सिंह ने माना कि कश्मीर की मौजूदा हालातों के लिए अलगाववादियों से ज्यादा सूबे की राजनीति के मुख्यधारा से जुड़े हुए लोग जिम्मेदार हैं।

किया गया शहीद सैनिकों के परिजनों का सम्मान
समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में रक्षा विशेषज्ञ आलोक बंसल ने गिलगित-बालिस्टान के अहमियत पर विस्तार से जानकारी दी। समारोह में शहीद सैनकों के परिजनों का सम्मान किया गया। साथ ही लोकप्रिय कवि गजेन्द्र सोलंकी की देशभक्ति कविताओं पर लोगों के रोगटें खड़े हो गए। इस दौरान जम्मू-कश्मीर स्टडी सेंटर के रिसर्च फेलो रंजन कुमार ने जम्मू कश्मीर की भौगोलिक, सामाजिक और आर्थिक पहलुओँ पर प्रजेंटेशन दिया। 

आशुतोष भटनागर ने भी किया संबोधित 
इससे पहले अकादमिक सत्र में जम्मू-कश्मीर के मामलों के जानकार और वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष भटनागर ने जम्मू कश्मीर पर अपना व्याख्यान दिया। इसी सत्र में सुप्रीमकोर्ट के वरिष्ठ वकील डीके दुबे ने धारा 370 की वर्तमान प्रासंगिकता पर सवाल उठाए। कार्यक्रम का संचालन आभा खन्ना और राकेश कुमार ने किया। 

बड़ी संख्या में मौजूद थे लोग 
कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक संस्था “समविकास” और “जम्मू-कश्मीर पीपुल्स फोरम” की ओर से किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार और बुद्द्जीवी शामिल हुए। सामाजिक संस्था समविकास की अध्यक्ष आभा खन्ना ने समारोह में आए हुए लोगों का आभार जताया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो