scriptगांधी को गोडसे से एक बार बचाने वाले भिलारे नहीं रहे | Bhilare who Once Gandhi was saved from Godse, passes away | Patrika News

गांधी को गोडसे से एक बार बचाने वाले भिलारे नहीं रहे

Published: Jul 20, 2017 02:08:00 pm

1944 में नाथूराम गोडसे से महात्मा गांधी को बचाने वाले भिकू दाजी भिलारे का 98 साल की उम्र में निधन हो गया। वे कुछ समय से बीमार चल रहे थे।

Mahatma Gandhi

Mahatma Gandhi

पुणे। 1944 में नाथूराम गोडसे से महात्मा गांधी को बचाने वाले भिकू दाजी भिलारे का 98 साल की उम्र में निधन हो गया। वे कुछ समय से बीमार चल रहे थे। महाराष्ट्र के भिलार में उन्होंने अंतिम सांसें लीं। वे ‘भिलारे गुरुजी’ के नाम से लोकप्रिय थे। उनका दाह-संस्कार पश्चिमी महाराष्ट्र के सतारा जिले के महाबलेश्वर तहसील स्थित उनके गांव भिलार में किया गया। 28 नवंबर 1919 को जन्मे भिलारे के तीन बेटे हैं।


गोडसे के हाथ में था चाकू 
कई लेखकों को दिए अपने इंटरव्यू में भिलारे ने कहा था, ‘पंचगनी में महात्मा गांधी की प्रार्थना सभा में कोई भी शामिल हो सकता था। उस दिन उनके सहयोगी ऊषा मेहता, प्यारेलाल, अरुणा आसफ अली और अन्य प्रार्थना में मौजूद थे। गोडसे दौड़ते हुए आया, उसके हाथ में चाकू था। वह कह रह था कि उसके पास कुछ सवाल हैं। मैंने उसे रोका, उसका हाथ मरोड़ा और चाकू छीन लिया। गांधी जी ने उसे जाने दिया।’


घटना के बारे में ठोस सबूत नहीं
महात्मा गांधी के पड़पोते तुषार गांधी के दस्तावेज भी इस ओर इशारा करते हैं। हालांकि कपूर कमिशन के अनुसार जुलाई 1944 की जिस घटना का जिक्र भिलारे ने किया, वह कितनी सही है यहां तक कि ऐसी कोई घटना हुई भी थी कि नहीं, के बारे में कोई ठोस सबूत नहीं है।

मणिशंकर ने बताया, घटना 1947 की है
जब भिलारे के सहयोगी मणिशंकर पुरोहित को कमिशन के सामने पेश किया गया तो उन्होंने बताया कि यह घटना 1944 में नहीं जुलाई 1947 में हुई थी। इस घटना में भिलारे का कोई खास जिक्र भी नहीं था। कमिशन को बस इतना पता चला कि 1944 में उस दिन प्रार्थना सभा में कुछ लोगों के कारण अशांति का माहौल हो गया था।

1944 में गांधी को हुआ था मलेरिया
महात्मा गांधी की हत्या की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के जज जेके कपूर ने 22 मार्च 1965 को एक आयोग बनाया। आयोग को यह पता चला कि 1944 में गांधी को मलेरिया हो गया था और उनके डॉक्टर ने उन्हें आराम करने की सलाह दी थी। इसके बाद गांधी पंचगनी चले गए।

1944 में गांधी पर हमला नाकाम रहा 
मणिभवन गांधी संग्रहालय, मुंबई के अध्यक्ष धीरूभाई मेहता ने 2008 में बताया था कि गोडसे के किसी भाई ने 1944 में पंचगनी में गांधी पर हमला करने की कोशिश की थी। इस प्रयास को कुछ युवाओं द्वारा नाकाम कर दिया गया था। मेहता ने बताया कि यह घटना गांधी के करीबी सहयोगी प्यारेलाल के नाम से दर्ज की गई है। गांधी को मानने वाले चुन्नीलाल मेहता की किताब में भी यह बात लिखी गई है।

हमारे जैसे युवाओं के हीरो हुआ करते थे भिलारे 
स्वतंत्रता सेनानी और श्रमिक पार्टी के नेता एनडी पाटिल ने बुधवार को बताया, ‘उन दिनों भिलारे हमारे जैसे युवाओं के हीरो हुआ करते थे। गोडसे से गांधी को बचाने वाली बात पूरे सतारा में फैल गई थी। तब मैं 15 साल का था। तब मैं और मेरे दोस्त भिलारे गुरुजी से मिलने साइकल से गए थे। वे हमारे लिए आदर्श बन गए थे। उन्होंने ताउम्र साधारण जिंदगी जी और गांधी के सिद्धांतों का अनुसरण किया।’

ट्रेंडिंग वीडियो