scriptवीर शिवाजी से है इनका कनेक्शन, लोकप्रियता मोदी से भी ज्यादा लेकिन अब होना पड़ा सरेंडर  | MP Udayanraje arrested | Patrika News
छिंदवाड़ा

वीर शिवाजी से है इनका कनेक्शन, लोकप्रियता मोदी से भी ज्यादा लेकिन अब होना पड़ा सरेंडर 

शिवाजी महाराज के वंशज सांसद उदयनराजे जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार 

छिंदवाड़ाJul 26, 2017 / 09:28 am

prabha shankar

chhindwara

chhindwara

छिंदवाड़ा/नागपुर. शिवाजी महाराज के वंशज और सतारा से एनसीपी के सांसद उदयनराजे भोसले को एक बिजनेसमैन को धमकाने और जबरन पैसे छीनने के आरोप में अरेस्ट कर लिया गया है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने उनकी एनटीसिपेटरी बेल पिटीशन खारिज कर दी थी। इसके बाद मंगलवार सुबह उन्होंने सतारा के सिटी पुलिस स्टेशन में सरेंडर कर दिया। उदयनराजे सरेंडर करने अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे। अब तक इस मामले में नौ लोग अरेस्ट हो चुके हैं।
 उदयनराजे के कामगार संगठन से जुड़े कुछ लोग सतारा के लोणद गांव में ‘सोना अलाइज’ नाम की कम्पनी में काम करते हैं। इसी कम्पनी में एनसीपी के नेता रामराजे निम्बालकर के मजदूर संगठन के लोग भी काम करते हैं। उदयनराजे का आरोप है कि कम्पनी उनके संगठन के मजदूरों की जगह दूसरे संगठन के मजदूरों को काम दे रही थी। इस पर बातचीत करने के लिए उन्होंने कुछ दिन पहले कम्पनी के अधिकारी राजकुमार जैन को सतारा स्थित गेस्ट हाउस में बुलाया था। इसके बाद जैन ने उदयनराजे पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपने समर्थकों के साथ मिलकर उनकी पिटाई की और उनके पैसे छीन लिए। इसके बाद जैन ने सतारा शहर पुलिस स्टेशन में उदयराजे और उनके समर्थकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया था। मामले के बाद से ही सांसद उदयनराजे अंडरग्राउंड हो गए थे। उन्होंने कोर्ट में एनटीसिपेटरी बेल पिटीशन दायर की थी। जिसे कोर्ट ने दो दिन पहले खारिज कर दिया। अर्जी खारिज होने के बाद उदयनराजे खुद अपने समर्थकों के साथ सतारा सिटी पुलिस स्टेशन पहुंचे और समर्पण कर दिया।

कौन हैं उदयन राज 
उदयनराजे भोसले छत्रपति शिवाजी महाराज की 13वीं पीढ़ी से आते हैं। फिलहाल वे सतारा सीट से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सांसद हैं। इससे पहले वे कांग्रेस के टिकट पर 2009 में सांसद चुने गए थे। इन दोनों पार्टियों के अलावा वे महाराष्ट्र में बीजेपी सरकार के कार्यकाल में राजस्व मंत्री भी रह चुके हैं। उदयन की पत्नी का नाम दमयंति राजे है। उनकी आठ साल की बेटी का नाम नयनतारा और 12 साल के बेटे का नाम वीर प्रताप सिंह है। उदयन आम जनता में बेहद लोकप्रिय हैं। आज भी जनता इन्हें राजा उदयन के नाम से पुकारती है। इनके लिए कहा जाता है कि वे चुनावों के दौरान भी जनता के बीच वोट मांगने नहीं जाते हैं। बल्कि जनता खुद उनके पास आकर अपना समर्थन देती है। इनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देश में मोदी लहर के बावजूद इन्होंने 2014 के लोकसभा चुनावों में पांच लाख से ज्यादा वोट हासिल किए। इससे पहले 2009 में भी वे 3 लाख से ज्यादा वोट से जीत चुके हैं। वे अपने इलाके के लोगों को अपना परिवार मानते हैं और उनके हर सुख-दुख में शामिल होते हैं। 
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो